शौर्य, बल और साहस के स्वामी मंगल जो नवग्रहों में सेनापति माने जाते हैं सोमवार, 27 जून 2022 को सुबह 05 बजकर 40 मिनट पर अपनी मूल त्रिकोण राशि मेष में गोचर करेंगे जहाँ ये 10 अगस्त 2022 तक रहेंगे। यहाँ पर मंगल जहाँ राहु के साथ युत तो वहीं केतु और शनि से दृष्ट रहेगा। राहु और मंगल की युति अंगारक योग बना रही है। शासकों में क्षोभ और तामस प्रवृत्ति बढ़ेगी और जनता में विग्रह होगा। आइये जानते हैं मंगल के इस राशि परिवर्तन (Mangal Rashi Parivartan) का आप सभी की राशियों पर क्या पड़ेगा असर।
मेष राशि
मेष राशि के जातकों के प्रथम भाव में मंगल का गोचर होगा। इस दौरान स्त्री और स्वजनों के मतभेद से आपको बचना होगा। दुर्जनों से भय और कष्ट मिल सकता है। रक्त विकार से सम्बंधित परेशानियां हो सकती हैं।
वृष राशि
वृष राशि के जातकों के द्वादश भाव में मंगल का गोचर होगा। व्यय भाव में मंगल के गोचर से खर्च बढ़ा रहेगा अतः सोच समझ कर खर्च करें। किसी को उधार ना दें अन्यथा धन की हानि हो सकती है।
मिथुन राशि
मिथुन राशि के जातकों के एकादश भाव में मंगल का गोचर होगा। लाभ भाव में मंगल के गोचर से धन और आरोग्य का लाभ होगा तथा व्यावसायिक, आर्थिक और कोर्ट कचहरी के मामलों में सफलता मिलेगी।
कर्क राशि
कर्क राशि के जातकों के दशम भाव में मंगल का गोचर होगा। कर्म भाव में मंगल का गोचर आपसे काफी परिश्रम कराएगा। कार्य मे विघ्न और असफलता से डरे बिना आगे बढ़ते रहेंगे तो लाभ होगा।
सिंह राशि
सिंह राशि के जातकों के नवम भाव में मंगल का गोचर होगा। भाग्य भाव में मंगल का गोचर स्थान परिवर्तन, धनाभाव और शारीरिक शिथिलता तथा पीड़ा दे सकता है। विदेश से संबंधित कार्यों में इच्छित सफलता मिलने की संभावना रहेगी।
कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों के अष्टम भाव में मंगल का गोचर होगा। अष्टम में मंगल के गोचर से स्वास्थ्य संबंधी परेशानी चिंता दे सकती है। पदच्युति और मान हानि हो सकती है। चोट लगने या छोटे मोटे ऑपरेशन इत्यादि की भी संभावना हो सकती है।
तुला राशि
तुला राशि के जातकों के सप्तम भाव में मंगल का गोचर होगा। कलत्र भाव में मंगल का गोचर दांपत्य सुख में कुछ कमी करता है अतः जीवनसाथी से अच्छे संबंध रखने की सलाह दी जाती है। नेत्र और पेट के रोगादि से समस्या हो सकती है।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के जातकों के षष्ठ भाव में मंगल का गोचर होगा। इस भाव में मंगल का गोचर बहुत अच्छे फल देता है। धन और यश का लाभ होगा तथा प्रतियोगिता, परीक्षा एवं कोर्ट कचहरी के मामलों में आपको सफलता मिलेगी।
धनु राशि
धनु राशि के जातकों के पंचम भाव में मंगल का गोचर होगा। पंचम स्थान में मंगल के जाने से धन नाश, रोग और शत्रु पीड़ा हो सकती है। संतान पक्ष से भी आप थोड़े चिंतित रह सकते हैं।
मकर राशि
मकर राशि के जातकों के चतुर्थ भाव में मंगल का गोचर होगा। सुख भाव में मंगल के गोचर से धन-धान्य में कमी और स्वजनों से विरोध हो सकता है अतः पारिवारिक कलह से बचें। ज्वर, रक्त विकार और पेट की समस्या से भी सतर्क रहें।
कुंभ राशि
कुंभ राशि के जातकों के तृतीय भाव में मंगल का गोचर होगा। पराक्रम भाव में मंगल का गोचर बहुत अच्छे फल देता है। धन-धान्य और वस्त्र का लाभ होगा। आप अपने पराक्रम से शत्रुओं को परास्त करेंगे।
मीन राशि
मीन राशि के जातकों के द्वितीय भाव में मंगल का गोचर होगा। धन भाव में मंगल के गोचर से कार्यों में निष्फलता मिलती है तथा धन और बल की हानि होती है। अपनी वाणी में संयम रखें और कलह से बचें।


Parama Ekadashi 2023: जानें कब है परमा एकादशी, क्या है इसका माहात्म्य, पूजा विधि, शुभ मुहूर्त एवं कथा
Kamla Ekadashi 2023: जानें कब है कमला (पद्मिनी) एकादशी, क्या है इसका माहात्म्य, पूजा विधि, शुभ मुहूर्त एवं कथा
Mokshada Ekadashi 2022: जानें कब है मोक्षदा एकादशी, क्या है इसका माहात्म्य, पूजा विधि, शुभ मुहूर्त और कथा