नवग्रहों के राजा सूर्य सोमवार, 16 नवंबर 2020 की सुबह 06:54 पर अपनी नीच राशि तुला से निकल जायेंगे और अपने मित्र मंगल की राशि वृश्चिक में गोचर करेंगे जहाँ ये 15 दिसंबर 2020 तक रहेंगे। आइये जानें इनके वृश्चिक राशि में गोचर का सभी राशियों पर कैसा होगा प्रभाव।
मेष राशि
मेष राशि के जातकों के अष्टम भाव में सूर्य का गोचर होगा। अष्टम भाव में सूर्य का गोचर पीड़ादायक माना जाता है। स्वास्थ्य और वाहनादि के प्रति सतर्क रहें। कोर्ट कचहरी के मामलों से भी बचकर रहें।
वृष राशि
वृष राशि के जातकों के सप्तम भाव में सूर्य का गोचर होगा जो दांपत्य सुख के लिए अच्छा नहीं माना जाता। आपसी प्यार और सामंजस्य से स्थिति को अनुकूल किया जा सकता है। खानपान के प्रति सचेत रहें नहीं तो पेट की समस्या हो सकती है।
मिथुन राशि
मिथुन राशि के जातकों के षष्ठ भाव में सूर्य का गोचर होगा। परीक्षा प्रतियोगिता तथा अन्य कार्यों में आशातीत सफलता मिलेगी। कोर्ट कचहरी के मामलों में भी शत्रु पक्ष पराजित होगा और आपको विजयश्री की प्राप्ति होगी।
कर्क राशि
कर्क राशि के जातकों के पंचम भाव में सूर्य का गोचर होगा। प्रेम संबंधी मामलों में उदासीनता रहेगी। मन अशांत रह सकता है। उच्च शिक्षा के लिए समय अच्छा रहेगा। परिवार में मतभेद से बचें।
सिंह राशि
सिंह राशि के जातकों के चतुर्थ भाव में सूर्य का गोचर होगा। सूर्य की यह स्थिति घर के सुख में कमी करती है अतः पारिवारिक कलह से बचें। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी भी चिंता दे सकती है।
कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों के तृतीय भाव में सूर्य का गोचर होगा। आपके पराक्रम में वृद्धि होगी जिससे शत्रु परास्त होंगे तथा स्थान और संपत्ति का लाभ मिलेगा। अपने अहंकार और भाई से मनमुटाव से आपको बचना होगा।
तुला राशि
तुला राशि के जातकों के द्वितीय भाव में सूर्य का गोचर होगा। इस दौरान खर्चे बढ़ेंगे, हो सकता है कोई महंगी वस्तु भी खरीदें। अपनी जिद और क्रोध पर नियंत्रण रखना जरुरी होगा अन्यथा पारिवारिक कलह की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के जातकों के प्रथम भाव अर्थात लग्न में सूर्य का गोचर होगा। बिना वजह यात्रा हो सकती है। शारीरिक थकान और मानसिक चिड़चिड़ापन आप अनुभव कर सकते हैं। अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें।
धनु राशि
धनु राशि के जातकों के व्यय भाव में सूर्य का गोचर होगा। हानिभाव में सूर्य का गोचर अत्यधिक खर्च कराता है जिससे आर्थिक समस्या और गहरा सकती है। लेनदेन के मामलों में सजग रहना होगा अन्यथा हानि होगी। ज्वर आदि की समस्या से भी पीड़ा हो सकती है।
मकर राशि
मकर राशि के जातकों के एकादश अर्थात लाभ भाव में सूर्य का गोचर होगा। इस दौरान काफी बेहतरीन समय रहेगा और आपके कार्यों में सफलता मिलेगी। स्थान, मान, यश और वैभव का लाभ होगा।
कुंभ राशि
कुंभ राशि के जातकों के दशम अर्थात कर्म भाव में सूर्य का गोचर होगा। इच्छित कर्म सिद्ध होंगे और सफलता मिलेगी, इससे मन प्रसन्न रहेगा तथा सुख का संचार होगा। नौकरी, वाहन, मकान के लिए अच्छा समय रहेगा।
मीन राशि
मीन राशि के जातकों के नवम भाव में सूर्य का गोचर होगा। भाग्य भाव में सूर्य का गोचर सुख में कमी करता है। परिजनों से दूर रहना पड़ सकता है तथा सफलता के लिए आपको कई प्रयास करने पड़ सकते हैं। अपने आत्मविश्वास में कमी ना होने दें।


Parama Ekadashi 2023: जानें कब है परमा एकादशी, क्या है इसका माहात्म्य, पूजा विधि, शुभ मुहूर्त एवं कथा
Kamla Ekadashi 2023: जानें कब है कमला (पद्मिनी) एकादशी, क्या है इसका माहात्म्य, पूजा विधि, शुभ मुहूर्त एवं कथा
Mokshada Ekadashi 2022: जानें कब है मोक्षदा एकादशी, क्या है इसका माहात्म्य, पूजा विधि, शुभ मुहूर्त और कथा